Lucknow News: ठाकुरगंज में घर के गेट को लेकर विवाद, पीड़ित का आरोप- सांप्रदायिक रंग देने की हो रही कोशिश
Lucknow News: राजधानी के सराय माली खां इलाके में रहने वाले एक परिवार ने पड़ोसियों पर मानसिक उत्पीड़न और जानमाल के खतरे का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित सैयद फहमी अली का कहना है कि उनके पुश्तैनी मकान के वैध पुनर्निर्माण कार्य को न केवल जबरन रोका जा रहा है, बल्कि स्थानीय पुलिस भी इस मामले में निष्पक्ष भूमिका नहीं निभा रही है।
सराय माली खां निवासी सैयद फहमी अली अपने मकान (नंबर 414/443) का पुनर्निर्माण करा रहे हैं। उनका दावा है कि निर्माण कार्य रजिस्ट्री के दस्तावेजों और पुरानी संरचना के अनुरूप ही हो रहा है। लेकिन आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले पप्पू जायसवाल, अंकित, पवन और विष्णु अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लगातार काम में बाधा डाल रहे हैं। विवाद मुख्य रूप से घर के प्रवेश द्वार (गेट) को लेकर है, जिसे लगाने से जबरन रोका जा रहा है।
पीड़ित ने बताया कि बीती 31 जनवरी की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच आरोपियों ने सैकड़ों बाहरी लोगों को बुलाकर उनके घर को घेर लिया। गाली-गलौज की गई और निर्माणाधीन ढांचे को तोड़ने की कोशिश हुई। फहमी अली का आरोप है कि मामला चौकी प्रभारी रितेश राय के संज्ञान में होने के बावजूद उन्हें कोई सुरक्षा नहीं मिली। उल्टा उन पर ही दबाव बनाया जा रहा है कि वे विरोधियों की अनुचित शर्तें मान लें।
इसे भी पढ़ें: शिव मंदिर में तोड़फोड़ के बाद दो समुदायों के बीच झड़प
सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश
शिकायतकर्ता ने एक बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह एक सामान्य निर्माण विवाद है, लेकिन विपक्षी इसे जानबूझकर हिंदू-मुस्लिम विवाद का रूप देने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र की शांति भंग करने के लिए इस मामले को मजहबी रंग दिया जा रहा है, जिससे उनका पूरा परिवार गहरे मानसिक तनाव और डर के साये में जीने को मजबूर है।
सैयद फहमी अली ने उच्चाधिकारियों से मांग की है कि उन्हें और उनके परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा प्रदान की जाए। मकान के वैध निर्माण कार्य को बिना किसी बाधा के पूरा कराने के निर्देश दिए जाएं। अराजकता फैलाने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। इस पूरे प्रकरण में स्थानीय पुलिस की संदिग्ध भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराई जाए।
इसे भी पढ़ें: Basti News: संत रविदास जयंती पर समरसता भोज
