बीसोखोर में उमड़ा जनसैलाब, विशाल हिंदू सम्मेलन में गूंजा सनातन का जयघोष

Hindu Sammelan Maharajganj

महाराजगंज: जनपद के निचलौल प्रखंड स्थित बीसोखोर गांव में रविवार को आयोजित ‘विशाल हिंदू सम्मेलन’ अपनी भव्यता और अनुशासन के लिए चर्चा का केंद्र बना रहा। श्यामा देवी सरस्वती विद्या मंदिर हाई स्कूल के मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के दर्जनों गांवों से आए लोगों ने हिस्सा लिया। भगवा ध्वजों और आध्यात्मिक बैनरों से सजे पंडाल ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

संस्कार और संस्कृति बचाने की अपील

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित संघ जिला प्रचारक विनय जी और प्रबंधक जिउत यादव ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि सनातन धर्म सिर्फ पूजा पद्धति नहीं, बल्कि जीवन जीने का एक श्रेष्ठ तरीका है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि आज के समय में अपनी आने वाली पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ना सबसे अनिवार्य कार्य है।

युवाओं को नशे और भटकाव से दूर रहने की सलाह

सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने युवाओं को खास संदेश दिया। संजय शर्मा और पुनीत शर्मा ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशा और नकारात्मकता जैसी बुराइयों को त्यागकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें। वहीं, भाजपा नेता मनोज पांडे ने इस आयोजन को सामाजिक समरसता का एक सशक्त उदाहरण बताया।

Hindu Sammelan Maharajganj

ओजस्वी संबोधन और संकल्प

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण आनंद मोहन मिश्रा (छोटे बाबू) का संबोधन रहा। उन्होंने सनातन धर्म के इतिहास और उसकी उदारता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारा धर्म करुणा और भाईचारे का संदेश देता है। सम्मेलन में मौजूद संत-महात्माओं और साधु-सन्यासियों के प्रवचनों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इसे भी पढ़ें: नए साल की रात उर्वशी-बिस्मिल की सरप्राइज़ जोड़ी, सोशल मीडिया पर मची चर्चा

शांतिपूर्ण संपन्न हुआ आयोजन

इतनी बड़ी संख्या में भीड़ जुटने के बावजूद पूरा कार्यक्रम बेहद अनुशासित और शांतिपूर्ण रहा। स्थानीय कार्यकर्ता राजेश यादव और उनकी टीम के विशेष सहयोग से आयोजन सफल रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सर्वसम्मति से समाज में शिक्षा, संस्कार और एकता के माध्यम से सनातन मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया।

रिपोर्ट- अरविंद शर्मा

इसे भी पढ़ें: कैसा नया वर्ष?

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...