एमएलसी के चुनाव में भाजपा के 10 और सपा के दो उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 12 सीटों के लिए भाजपा के 10 और सपा के दो उम्मीदवारों को आज निर्विरोध एमएलसी चुन लिया गया है। गुरुवार को जीते हुए उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। भाजपा की तरफ से निर्विरोध चुने गए सदस्यों में 9 सदस्य अपना जीत का सर्टिफिकेट लेने खुद विधान भवन पहुंचे थे, जबकि उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा की जगह उनके प्रतिनिधि ने उनका सर्टिफिकेट रिसीव किया। वहीं सपा के निर्वाचित दोनों सदस्य अहमद हसन और राजेंद्र चौधरी ने जीत का प्रमाण पत्र लिया। इस दौरान उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम भी उपस्थित रहे।

एमएलसी के रूप में भाजपा के 10 उम्मीदवार उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, कुंवर मानवेंद्र सिंह, पूर्व आईएएस अरविंद कुमार शर्मा, सलिल विश्नोई, गोविंद नारायण शुक्ला, अश्वनी त्यागी, धर्मवीर प्रजापति, लक्ष्मण आचार्य और सुरेंद्र चौधरी निर्विरोध चुन लिए गए हैं। जबकि सपा की तरफ से अहमद हसन और राजेंद्र चौधरी भी निर्विरोध चुन लिए गए हैं।

गौरतलब है कि विधान परिषद के लिए 13 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया था, चुनाव आयोग ने 13वें उम्मीदवार महेश चंद्र शर्मा का पर्चा खारिज कर दिया था। इसके बाद एमएलसी चुनाव की स्थिति स्पष्ट हो गई थी, जिसके चलते आज 12 सीटों पर सभी उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...