मोनालिसा से शादी करके फंसे फरमान, POCSO Act में मामला दर्ज
खरगोन/तिरुवनंतपुरम: महाकुंभ 2025 में अपनी कजरारी आंखों से वायरल हुई मोनालिसा भोसले इन दिनों अपनी शादी को लेकर सुर्खियों में हैं। बीते दिनों मोनालिसा ने परिवार की मर्जी के खिलाफ फरमान खान से शादी करके सनसनी फैला दी थी। शादी के बाद से ही यह दावा किया जा रहा था कि मोनालिसा नाबालिग है। अब राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) की जांच में यह चौंकाने वाला सच सामने आया है।
शादी के वक्त सिर्फ 16 साल की थी मोनालिसा
मार्च 2026 में केरल के तिरुवनंतपुरम में एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों से मोनालिसा और फरमान खान ने शादी की थी। इस शादी में केरल सरकार के कई दिग्गज नेता और मंत्री भी शामिल हुए थे। लेकिन NCST के अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य के मार्गदर्शन में हुई जांच में चौंकाने वाले दस्तावेज सामने आए हैं।
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर सरकारी अस्पताल के दस्तावेजों के अनुसार, मोनालिसा का जन्म 30 दिसंबर, 2009 को हुआ था।
इस हिसाब से मार्च 2026 में शादी के वक्त उनकी उम्र मात्र 16 साल 2 महीने थी, जबकि शादी के लिए कानूनी उम्र 18 साल है।

फर्जी जन्म प्रमाण पत्र का भी खुलासा
जांच में पाया गया कि केरल में विवाह पंजीकरण के दौरान एक अन्य जन्म प्रमाण पत्र पेश किया गया था, जिसमें जन्म तिथि 1 जनवरी, 2008 दिखाई गई थी। आयोग का कहना है कि यह प्रमाण पत्र नियम विरुद्ध तरीके से बनवाया गया था, जिसे अब वापस लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
फरमान खान के खिलाफ FIR
मोनालिसा पारधी जनजाति से ताल्लुक रखती हैं। नाबालिग से शादी और फर्जी दस्तावेज पेश करने के गंभीर आरोपों के बाद, खरगोन के महेश्वर थाने में फरमान खान के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। उनके खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए NCST ने मध्य प्रदेश और केरल के पुलिस महानिदेशकों को 22 अप्रैल, 2026 को आयोग के समक्ष व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है।
आयोग यह जानना चाहता है कि आखिर एक नाबालिग लड़की की शादी में उच्च पदों पर बैठे लोग कैसे शामिल हुए? दस्तावेजों के सत्यापन में चूक कहां हुई?

दोनों पक्षों के बयान
मोनालिसा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि वह बालिग हैं और उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है। उन्होंने अपने परिवार पर दबाव डालने और जबरन शादी कराने के आरोप भी लगाए थे। फरमान खान ने इसे लव जिहाद के नैरेटिव से जोड़कर बदनाम करने की साजिश बताया था।
इसे भी पढ़ें: हनीमून मनाते हुए फरमान की गोद में नजर आईं मोनालिसा
जांच में अब तक जो खुलासे हुए हैं, वह काफी गंभीर हैं। मोनालिसा के नाबालिग होने की पुष्टि होने के बाद फरमान खान की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। POCSO एक्ट जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज होने के बाद, उनके खिलाफ कार्रवाई लगभग तय मानी जा रही है।
इसे भी पढ़ें: गंगा किनारे शराब पीने से टोका, तो पुलिस पर चिल्लाई महिला
