नयी दिल्ली। देश में कोरोना की दूसरी लहर के बीच भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार ने चेतावनी दी है कि कोरोना की तीसरी लहर भी आयेगी। इसे कोई नहीं रोक सकता है। हालांकि, यह कब आयेगी और यह कैसे अपना असर डालेगी, अभी कहना मुश्किल है। लेकिन, इसके लिये तैयार रहना होगा। आज यहां आयोजित एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारत सरकार प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के. विजय राघवन ने कहा कि भारत सहित दुनियाभर में कोरोना के नये वैरिएंट सामने आयेंगे। उन्होंने कहा कि तमाम वैज्ञानिक इन अलग-अलग किस्मों का मुकाबला करने की तैयारी कर रहे हैं। राघवन ने कहा कि वैक्सीन कोरोना के मौजूदा वैरिएंट के खिलाफ कामयाब है। उन्होंने चेतावनी देते हुए साफ-साफ कहा कि कोरोना की तीसरी लहर भी आयेगी। इसे कोई नहीं रोक सकता है। हालांकि, यह कब आयेगी और यह कैसे अपना प्रभाव डालेगी, अभी कहना मुश्किल है। लेकिन, इसके लिए तैयार रहना होगा। राघवन ने कहा कि कोरोना के नए वैरिएंट सामने आ रहे हैं। इन्होंने संक्रमण की रफ्तार बढ़ाई है। कोरोना के नए स्ट्रेन से निपटने के लिए वैक्सीन को भी अपडेट करने की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से यह वायरस बढ़ रहा है, उसे देखते हुए तीसरी लहर अपरिहार्य है। लेकिन, यह कब और किस पैमाने पर आयेगी, इसके बारे में कुछ भी कह पाना मुश्किल है।

इन्हें भी देखें :—यूपी में तीन दिन और बढ़ा लॉकडाउन, अब 10 मई सुबह 7 बजे तक जारी रहेंगी पाबंदियां

24 घंटे में कोरोना से 3780 की मौत

देश में जहां पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3,82,315 नये मामले सामने आये हैं, वहीं, इस दौरान 3,38,439 कोरोना संक्रमित ठीक भी हुये है। हालांकि पिछले 24 घंटे में कोरोना से 3780 मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि भारत की कुल रिकवरी आज 1,69,51,731 तक पहुंच चुकी है। राष्ट्रीय रिकवरी दर 82.03 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में 3,38,439 रिकवरी दर्ज की गई। मंत्रालय के अनुसार नई रिकवरी में 10 राज्यों की 73.4 प्रतिशत की भागीदारी है। 17 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर राष्ट्रीय औसत 21.46 प्रतिशत से कम है। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3,82,315 नये मामले दर्ज किये गये हैं। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, केरल, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और राजस्थान सहित दस राज्यों की नये मामलों में 70.91 प्रतिशत की भागीदारी है। 51,880 दैनिक नये मामलों के साथ महाराष्ट्र ने सर्वाधिक संख्या दर्ज कराई है, जबकि 44,631 के साथ कर्नाटक दूसरे स्थान पर है और केरल ने 37,190 नए मामले दर्ज कराये हैं। मंत्रालय ने बताया कि देश के कुल सक्रिय मामले 34,87,229 तक पहुंच चुके हैं, जो कुल सक्रिय मामलों का 16.87 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में कुल सक्रिय मामलों में 40,096 मामलों की शुद्ध बढोतरी दर्ज की गई है।

मृत्यु दर में निरंतर गिरावट

मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रीय मृत्यु दर में निरंतर गिरावट आ रही है और वर्तमान में यह 1.09 प्रतिशत पर है। पिछले 24 घंटों में 3780 मौतें दर्ज की गईं। नई मौतों के 74.97 प्रतिशत में दस राज्यों की भागीदारी है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 891 मौत दर्ज की गईं, जबकि 351 दैनिक मौत के साथ उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर है। पिछले 24 घंटे में. मेघालय, दमन एवं दीव तथा दादर नागर हवेली, त्रिपुरा, लक्षद्वीप, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई है।

Spread the news