Independence Day: भारत इस बार अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है। कोरोना प्रोटोकाल के तहत दिल्ली का लाल किला अपने अतिथियों के सम्मान में सज कर तैयार हो चुका है। लेकिन 15 अगस्त के आजादी की जश्न की बात की जाए तो दुनिया के 5 देश ऐसे हैं, जिन्हें आज के ही दिन आजादी मिली थी और वह भी इसी दिन आजादी का जश्न मनाते हैं। यहां हम उन देशों का जिक्र कर रहे हैं जो 15 अगस्त को अपनी आजादी का जश्न मनाते हैं।

भारत 15 अगस्त, 1947 के दिन अंग्रेजों की गुलामी से लगभग दो सौ वर्षों बाद आजाद हुआ था। इसी के साथ ही भारत दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र (Democratic Country) के रूप में उभर कर सामने आया। भारतीय इतिहास में आज का दिन सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। 15 अगस्त को देश के प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हैं और ध्वजारोहण करते हैं।

इसे भी पढ़ें: शिव, शेष, वासुकी और तक्षक की ही है सृष्टि

15 अगस्त 1971 को दिलमुन सभ्यता (Dilmun Civilisation) की प्राचीन भूमि बहरीन ने ब्रिटिश शासकों से आजादी की लड़ाई लड़कर स्वतंत्रता प्राप्त की थी। बता दें कि 19वीं सदी में बहरीन पर ब्रिटिश शासन से पहले भी अरब और पुर्तगाल सहित कई अन्य देशों ने राज किया था।

इसी कड़ी में 15 अगस्त 1960 के ही दिन डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो ने भी फ्रांसीसी शासकों से पूरी तरह स्वतंत्रता का स्वाद चखा था। यह देश मध्य अफ्रीकी क्षेत्र के अंतर्गत आता है। फ्रांसीसी शासकों ने 1880 में इसे अपना गुलाम बना लिया था। पहले यह देश फ्रांसीसी कांगो के नाम से जाना जाता थ, 1903 में इसे मध्य कांगो (Middle Congo) का रूप दे दिया गया। आजादी के बाद ‘फुलबर्ट यूलू’ इस स्वतंत्र देश के पहले राष्ट्रपति बने और 1963 तक शासन किया।

इसी तरह नॉर्थ कोरिया और साउथ कोरिया भी 15 अगस्त को अपनी आजादी का जश्न मनाते हैं। दोनों देशों में हर वर्ष, 15 अगस्त को छुट्टी रहती है और इस दिन को ‘जापान से स्वतंत्रता’ के रूप में मनाते हैं। वर्ष 1945 में अमेरिका और सोवियत की सेना ने मिलकर कोरिया पर 35 साल पुराने जापानी कब्जे से मुक्त कराया था। इसके बाद इसे स्वतंत्र राष्ट्र घोषित कर दिया गया। इसके साथ ही 1945 में इसी दिन द्वितीय विश्व युद्ध भी समाप्त हुआ था। वर्ष 1948 में कोरिया सोवियत समर्थित उत्तर और अमेरिका समर्थित दक्षिण कोरिया के बीच बंट गया। ऑफिशियल तौर पर दक्षिण कोरिया को कोरिया रिपब्लिक के रूप में माना जाता है।

वहीं दुनिया के सबसे छोटे देशों में से शामिल लिस्टेंस्टीन (Liechtenstein) ने वर्ष 1866 में जर्मन शासकों से आजादी हासिल की थी। लेकिन यह देश नेशनल डे 15 अगस्त, 1940 से मनाना शुरू किया। 15 अगस्त के दिन इस देश में छुट्टी रहती है। ज्ञात हो कि 5 अगस्त, 1940 को लिस्टेंस्टीन की रियासत की सरकार ने आधिकारिक तौर पर 15 अगस्त को देश का राष्ट्रीय दिवस घोषित किया था।

इसे भी पढ़ें: बचाव के लिए व्यावहारिक अनुशासन बेहद जरूरी

Spread the news