Vikramaditya Singh Amreen Kaur Wedding: हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह एक बार फिर शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। उनकी शादी 22 सितंबर को चंडीगढ़ में अमरीन कौर के साथ तय हुई है। अमरीन कौर पंजाब यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं।
शादी का कार्यक्रम और आमंत्रण पत्र
शादी का आयोजन चंडीगढ़ स्थित अमरीन कौर के निवास पर होगा। सुबह 10 बजे से विवाह समारोह की शुरुआत होगी। दोपहर 1 बजे लंच का आयोजन रहेगा। इसके बाद चंडीगढ़ के सेक्टर-2 में रिसेप्शन का भव्य आयोजन होगा। शादी के कार्ड भी छपकर बांटे जा चुके हैं, जिनमें स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के आशीर्वाद और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के निमंत्रण का उल्लेख है।
पहली शादी और तलाक
यह विक्रमादित्य सिंह की दूसरी शादी है। उनकी पहली शादी 8 मार्च, 2019 को राजस्थान के मेवात वंश की राजकुमारी सुदर्शना सिंह से हुई थी। विवाह उदयपुर के कानोता गांव स्थित कनोतागढ़ पैलेस में संपन्न हुआ था। लेकिन कुछ समय बाद रिश्तों में दरार आई और मामला जयपुर फैमिली कोर्ट तक पहुंचा। बाद में दोनों का तलाक हो गया।
इसे भी पढ़ें: ब्रह्माकुमारीज़ ने दिए जीवन के मंत्र
शाही शादी में शामिल होंगे दिग्गज
माना जा रहा है कि इस शाही विवाह में प्रदेश और देश के कई बड़े नेता और गणमान्य हस्तियां शामिल होंगी। विक्रमादित्य सिंह वर्तमान में शिमला ग्रामीण से विधायक हैं और 2024 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर मंडी सीट से कंगना रनौत के खिलाफ मैदान में भी उतर चुके हैं।
इसे भी पढ़ें: अखिलेश यादव लोकतंत्र के मसीहा नहीं