Navratri 2025: आने वाले 22 सितंबर, 2025 से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत होने वाली है। ये नौ दिन माँ दुर्गा के नौ रूपों की आराधना और भक्ति के लिए समर्पित होते हैं। इस पावन मौके पर कई लोग घरों में अखंड ज्योति भी जलाते हैं, जो पूरे नौ दिन तक निरंतर जलती रहती है। अगर आप भी इस बार नवरात्रि में अखंड दीपक जला रहे हैं, तो कुछ खास नियमों का ध्यान रखना ज़रूरी है ताकि माँ का पूरा आशीर्वाद आप पर बना रहे।

क्यों जलाते हैं अखंड दीपक

मान्यता है कि अखंड ज्योति हमारे मन और आत्मा के अंधकार को दूर करती है और घर में सुख-शांति और खुशहाली लेकर आती है।

कैसे जलाएँ अखंड ज्योति

सबसे ज़रूरी बात: अखंड दीपक नवरात्रि के पहले दिन घटस्थापना के दिन जलाया जाता है और इसे नौ दिनों तक बिना बुझे जलते रहना चाहिए।

सही दिशा: माँ की मूर्ति या तस्वीर को ईशान कोण (उत्तर-पूर्व दिशा) में स्थापित करें। यह दिशा देवताओं की मानी जाती है।

दीपक का पात्र: दीपक जलाने के लिए पीतल का बर्तन सबसे उत्तम माना जाता है। अगर यह न हो, तो मिट्टी के दीये का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

विशेष स्थान: दीपक को एक चौकी पर रखें और उस पर पीला या लाल रंग का कपड़ा बिछाएँ। दीये के नीचे चावल, हल्दी या गुलाल से अष्टदल (आठ पंखुड़ियों वाला) कमल बनाएँ।

बाती का ख्याल: दीपक की बाती रक्षासूत्र (कलावा) से बनानी चाहिए।

सफाई है ज़रूरी: जहाँ दीपक रखें, वहाँ की पहले और फिर रोज़ अच्छे से सफाई करें। शुद्धता का विशेष ध्यान रखें।

क्या डालें तेल? दीपक को शुद्ध देसी घी, सरसों के तेल या तिल के तेल से जलाएँ।

दीपक रखने का स्थान

अगर घी का दीपक है, तो उसे माँ दुर्गा की प्रतिमा के दाहिनी ओर रखें।

अगर तेल का दीपक है, तो उसे माँ की प्रतिमा के बाईं ओर रखें।

मंत्र जाप: दीपक जलाते समय यह मंत्र बोलना शुभ माना जाता है:

ॐ जयंती मंगला काली भद्रकाली कृपालिनी।
दुर्गा क्षमा शिवा धात्री स्वाहा स्वधा नमोऽस्तुते।।

अखंड ज्योति जलाने के फायदे

ऐसा माना जाता है कि अखंड ज्योति जलाने से घर में सुख-समृद्धि आती है, वास्तु दोष दूर होते हैं और पितरों का आशीर्वाद मिलता है। इसकी सकारात्मक ऊर्जा से अटके काम बनने लगते हैं और शनि, राहु-केतु जैसे ग्रहों के बुरे प्रभाव से भी रक्षा होती है।

इसे भी पढ़ें: माता दुर्गा के 51 शक्तिपीठ और उनके स्थान

एक और खास टिप: दीपक की लौ को हमेशा पूर्व या उत्तर दिशा की ओर रखने की सलाह दी जाती है। पूर्व दिशा में लौ रखने से आयु बढ़ती है और उत्तर दिशा में रखने से धन लाभ होता है। तो इस नवरात्रि, इन नियमों का पालन करके अखंड ज्योति जलाएँ और माँ दुर्गा की कृपा पाएँ।

इसे भी पढ़ें: भगवती को माँ दुर्गा क्यों कहा जाता है

Spread the news