World oldest baby: अमेरिका के ओहायो में एक चौंकाने वाली और अनोखी घटना सामने आई है। यहां 30 साल से अधिक समय तक फ्रीज किए गए भ्रूण से एक स्वस्थ बच्चे का जन्म हुआ है। इस बच्चे को मज़ाकिया अंदाज़ में दुनिया का सबसे ‘बूढ़ा बच्चा’ कहा जा रहा है, क्योंकि यह भ्रूण तीन दशक से ज्यादा समय तक फ्रीजर में सुरक्षित रखा गया था।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, 35 वर्षीय लिंडसे पियर्स और 34 वर्षीय टिम पियर्स ने बीते शनिवार को अपने बेटे थडियस डैनियल पियर्स का स्वागत किया। लिंडसे ने कहा कि यह अनुभव किसी साइंस फिक्शन फिल्म जैसा लगता है।

30 साल पुराना भ्रूण बना विश्व रिकॉर्डधारी

यह जन्म दुनिया में अब तक का सबसे लंबे समय तक फ्रीज किए गए भ्रूण से हुआ सफल जन्म है। इससे पहले 1992 में फ्रीज किए गए भ्रूण से 2022 में जन्मे जुड़वां बच्चों का रिकॉर्ड था।

लिंडा आर्चर्ड नाम की महिला ने 30 साल पहले चार भ्रूण तैयार कराए थे।

इनमें से एक भ्रूण से उनकी बेटी का जन्म हुआ, जो अब 30 साल की है।

बाकी तीन भ्रूण उन्होंने नष्ट नहीं किए और न ही रिसर्च या गुमनाम डोनेशन के लिए दिए।

लिंडा ने सालों तक हर वर्ष भ्रूण को स्टोर करने के लिए हजारों डॉलर खर्च किए। बाद में उन्होंने नाइटलाइट क्रिश्चियन एडॉप्शन की मदद ली, जो ‘स्नोफ्लेक्स’ नामक प्रोग्राम के तहत भ्रूण गोद लेने की सुविधा देता है।

इसे भी पढ़ें: शिबू सोरेन को पीएम मोदी ने अस्पताल पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

पियर्स कपल ने अपनाया और रचा इतिहास

इस कार्यक्रम के जरिए लिंडा ने अपने भ्रूण के लिए माता-पिता चुने। उनकी प्राथमिकता थी कि भ्रूण एक विवाहित अमेरिकी, कोकेशियन और ईसाई परिवार को ही दिया जाए। इस तरह पियर्स कपल को यह भ्रूण मिला और उन्होंने इसे अपनाकर एक नई ज़िंदगी को जन्म दिया।

लिंडसे पियर्स का कहना है कि हम किसी रिकॉर्ड को तोड़ने नहीं निकले थे, हम सिर्फ एक बच्चा चाहते थे। दूसरी ओर, लिंडा आर्चर्ड ने अभी बच्चे से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात नहीं की है, लेकिन तस्वीरों में ही उसने अपनी बेटी और इस नवजात में समानताएं देख ली हैं।

इसे भी पढ़ें: मंत्रों को क्यों रखा जाता है गुप्त, जानें गोपनीयता के राज

Spread the news