Lucknow News: उत्तर प्रदेश के कई जिले इन दिनों भारी बारिश और बाढ़ की चपेट में हैं। इस बीच विपक्ष ने प्रदेश सरकार पर बाढ़ प्रबंधन और राहत कार्यों में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के आरोपों पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को तीखी प्रतिक्रिया दी। साथ ही उन्होंने पूर्व सांसद प्रज्ञा ठाकुर और कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के बयानों पर भी टिप्पणी की।
अखिलेश यादव पर सीधा हमला
केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा, अखिलेश यादव मानसिक रूप से विक्षिप्त हो गए हैं। प्रकृति से कौन लड़ सकता है, लेकिन हमारी सरकार और भाजपा कार्यकर्ता बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद और सेवा में जुटे हुए हैं। जनता हमारी सेवा से पूरी तरह संतुष्ट है। उन्होंने आगे कहा कि सपा सरकार के समय बाढ़ राहत के नाम पर होने वाला भ्रष्टाचार जनता नहीं भूली है।
अखिलेश एंड कंपनी सिर्फ बयानबाजी में माहिर है। उनकी सरकार के समय बाढ़ राहत का पैसा और सामग्री सपा के गुंडे और भ्रष्टाचारियों की जेब में चली जाती थी। जनता ने सब देखा है। मौर्य ने दावा किया कि सपा 2047 तक भी सत्ता में नहीं आ सकती। जनता भाजपा के साथ थी, है और आगे भी रहेगी।
इसे भी पढ़ें: मदद देकर दुश्मन खड़ा करना कोई मोदी से सीखें
भगवा कभी आतंकवादी नहीं हो सकता: मौर्य
पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पर टिप्पणी करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, आतंकवाद का कोई रंग नहीं होता। साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को साजिश के तहत फंसाया गया था। न्यायालय ने साबित कर दिया है कि भगवा कभी भी आतंकवादी नहीं हो सकता। कांग्रेस और विपक्ष की सोच देश को विभाजित करने वाली है।
मणिशंकर अय्यर पर भी साधा निशाना
कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर द्वारा पहलगाम आतंकी हमले पर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए मौर्य ने कहा, कांग्रेस के कुछ नेताओं को पागलपन का दौरा पड़ा है। हमारी सेना ने अपनी ताकत दिखा दी है, लेकिन कांग्रेस पाकिस्तान की भाषा बोल रही है। कांग्रेस आज पाकिस्तान का बिछड़ा हुआ भाई-बहन बन चुकी है।
इसे भी पढ़ें: प्रमिला ताई मेढे, मातृशक्ति ही राष्ट्र शक्ति