Newschuski Digital Desk: अब बात बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की करें तो इस बार का नज़ारा कुछ अलग ही दिख रहा है। पहले जहाँ चुनावों में बाहुबली नेताओं का रुतबा और दबदबा चर्चा में रहता था, वहीं इस बार सिनेमा और संगीत की दुनिया के सितारे चुनावी मैदान में नई हलचल पैदा कर रहे हैं। भोजपुरी और मैथिली सिनेमा जगत के कई बड़े कलाकार अब सीधे तौर पर राजनीति में कूदने की तैयारी कर रहे हैं, जिससे इस बार के चुनावी समीकरण पूरी तरह से बदल सकते हैं।
कौन-कौन ला रहा है सियासत में ‘स्टार’ की चमक
इस बार चुनावी फेहरिस्त में कई चर्चित नाम शामिल हैं। भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह और मैथिली संगीत की मशहूर आवाज़ मैथिली ठाकुर खुद चुनावी मैदान में उतरने का प्लान बना रहे हैं। वहीं, भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव ने सीधे उतरने की बजाय अपनी पत्नी चंदा यादव को टिकट दिलाने की कोशिश में जुटे हैं। भोजपुरी अभिनेत्रियों अक्षरा सिंह और शिल्पी राज के नाम भी उम्मीदवारों की सूची में चर्चा में हैं। कुल मिलाकर, इस बार आधा दर्जन से ज्यादा कलाकार अपनी लोकप्रियता के दम पर बिहार की सियासत में दस्तक दे सकते हैं।
भाजपा ने जमाई स्टार्स की लंबी कतार
ऐसा लग रहा है कि भाजपा इस बार ‘स्टार पावर’ को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाने पर तुली है। पार्टी ने इन कलाकारों को अपने साथ जोड़ने की कवायद तेज कर दी है। पवन सिंह की पार्टी के बड़े नेताओं अमित शाह और जेपी नड्डा से मुलाकात हो चुकी है, जिससे उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें और तेज हो गई हैं। मैथिली ठाकुर ने बिहार के केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और बिनोद ताबड़े से बातचीत की है।
अक्षरा सिंह भाजपा के जाने-माने नेता गिरिराज सिंह के संपर्क में हैं। साफ है कि भाजपा अपनी टीम में इन सितारों को शामिल करके युवाओं और सांस्कृतिक पहचान वाले मतदाताओं को अपनी ओर खींचना चाहती है।
खेसारी लाल यादव ने अपनाया अलग रास्ता
भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव ने एक दिलचस्प चाल चली है। उन्होंने खुद चुनाव न लड़कर अपनी पत्नी चंदा यादव को मैदान में उतारने का फैसला किया है। ऐसी खबरें हैं कि वह राष्ट्रीय जनता दल (राजद) या कांग्रेस की तरफ से उन्हें टिकट दिलवाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कड़ी में उनकी तेजस्वी यादव और पप्पू यादव से भी मुलाकात हुई है।
इसे भी पढ़ें: हाईकोर्ट में रोपे गए पेड़, बढ़ा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
अन्य सितारों की भी है चर्चा
इसके अलावा भी कई और नाम इस सियासी जंग में शामिल हो सकते हैं। भोजपुरी गायिका शिल्पी राज की हाल ही में लोजपा प्रमुख चिराग पासवान से मुलाकात हुई है। गायक-अभिनेता रितेश पांडे पहले ही राजनीतिक स्ट्रैटेजिस्ट प्रशांत किशोर के साथ जुड़ चुके हैं। मशहूर गायक राधेश्याम रसिया भी चुनावी रण में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: मायावती ने मंच से उतारा PDA का खुमार