Newschuski Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी का वोट चोरी विवाद अब एक अंतरराष्ट्रीय मोड़ ले चुका है। मामला कुछ यूं है, हरियाणा चुनाव 2024 में फर्जी मतदाताओं का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक प्रेजेंटेशन के दौरान एक ब्राज़ीलियन महिला की फोटो दिखाई। उन्होंने दावा किया कि यह महिला सीमा, स्वीटी और सरस्वती जैसे 22 अलग-अलग नामों से 22 बार वोट डाल चुकी है।

Brazilian model Larissa Neri

अब वह रहस्यमयी लड़की सामने आई हैं, और पूरी कहानी ही बदल गई है। इस महिला की पहचान लारिसा नेरी के रूप में हुई है, जो ब्राज़ील की एक हेयरस्टाइलिस्ट और डिजिटल इन्फ्लुएंसर हैं। लारिसा ने इस पूरे मामले पर हैरानी जताते हुए कहा है, यह मेरी 18-20 साल पुरानी स्टॉक फोटो है। भारत की राजनीति से मेरा कोई लेना-देना नहीं है।

क्या था राहुल गांधी का दावा

5 नवंबर को दिल्ली में एक प्रेजेंटेशन में राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर हरियाणा चुनाव में हेराफेरी का आरोप लगाया था। उन्होंने 25 लाख फर्जी मतदाताओं, 5.21 लाख डुप्लीकेट वोटर आईडी और 1.24 लाख अमान्य पतों का हवाला दिया था। इसी के सबूत के तौर पर उन्होंने लारिसा की फोटो दिखाई थी।

हंसते-हंसते पागल हो जाऊंगी: लारिसा नेरी

इस मामले के वायरल होने के बाद लारिसा नेरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी। मजाकिया अंदाज में उन्होंने कहा, दोस्तों, यकीन नहीं हो रहा ये गॉसिप। हंसते-हंसते पागल हो जाऊंगी। ये मेरी पुरानी फोटो है, मैं तब जवान थी। भारत में चुनाव-वोटिंग के लिए इसका इस्तेमाल? ये क्या पागलपन है?

उन्होंने बताया कि एक पत्रकार ने उनके सैलून पर फोन करके इस बारे में बताया था। लारिसा ने यह भी कहा कि उन्हें दूसरे शहर में रहने वाले एक दोस्त ने भी यह वायरल तस्वीर भेजी।

Brazilian model Larissa Neri

मॉडल नहीं, बल्कि हेयरस्टाइलिस्ट हैं लारिसा

पूरे मामले में एक और मोड़ यह है कि लारिसा नेरी को जिसे मॉडल बताया जा रहा था, असल में वह एक पेशेवर हेयरस्टाइलिस्ट हैं। वह ब्राज़ील के मिनास गेरैस राज्य के बेलो होरिजोंटे शहर में एक सैलून में काम करती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया, मैं कोई मॉडल नहीं हूं। उस समय, मैंने केवल एक दोस्त की मदद करने के लिए कैमरे के सामने पोज दिया था।

इसे भी पढ़ें: मलाइका अरोड़ा के नए रिश्ते की चर्चा तेज

इस तरह, एक चुनावी आरोप ने एक ब्राज़ीलियन महिला को रातों-रात भारत की चुनावी राजनीति का अनजाना सितारा बना दिया। अब देखना यह है कि इस खुलासे के बाद यह राजनीतिक विवाद किस रूप में आगे बढ़ता है।

इसे भी पढ़ें: कलम क्रोध में कवि से

Spread the news