Lalu Yadav: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) की तबीयत काफी नाजुक बताई जा रही है। बुधवार को उनका स्वास्थ्य अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल में इलाज की सलाह दी थी, और पहले उनकी यात्रा के लिए सामान्य फ्लाइट की योजना बनाई गई थी। लेकिन उनकी हालत को देखते हुए अब एयर एंबुलेंस से उन्हें दिल्ली लाने की तैयारी की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, लालू यादव (Lalu Yadav) का रक्तचाप (बीपी) बहुत ज्यादा गिर गया है और उनकी शुगर का स्तर भी 400 के ऊपर पहुंच चुका है। इसके अलावा, उनकी किडनी भी महज 25 फीसदी काम कर रही है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है, ताकि बीपी और शुगर को नियंत्रित किया जा सके। सूत्रों का कहना है कि लालू यादव की हालत में कुछ सुधार होने पर ही उन्हें दिल्ली भेजने का निर्णय लिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें: कृषि क्षेत्र में करवट बदलता भारत

लालू यादव पिछले कुछ सालों से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। 2022 में उनकी किडनी की गंभीर समस्या सामने आई थी, जिसके बाद उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने उन्हें अपनी एक किडनी दान की थी। इस किडनी ट्रांसप्लांट को सिंगापुर में सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। इसके अलावा, 2021 में उन्हें हार्ट से जुड़ी समस्याएं भी सामने आई थीं, जिसके बाद सितंबर 2023 में मुंबई में उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी।

अब, उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पारिवारिक और पार्टी सूत्रों का कहना है कि देर शाम तक उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेजने की योजना है, ताकि उन्हें बेहतर चिकित्सा मिल सके।

इसे भी पढ़ें: गरीबी मजहबी और स्थाई नहीं होती

Spread the news