Ambedkarnagar News: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां बीते एक महीने में लड़कियों के अपहरण के मामलों में अचानक वृद्धि हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अलग-अलग थाना क्षेत्रों से अब तक 56 लड़कियों के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनमें से 40 लड़कियां नाबालिग हैं। लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गरीब और दलित परिवारों की बच्चियां बनीं शिकार
जानकारी के मुताबिक, जिन लड़कियों का अपहरण हुआ है उनमें ज्यादातर गरीब और दलित परिवारों से ताल्लुक रखती हैं। अपहरण की गई लड़कियों में दो मुस्लिम समुदाय की भी हैं। पुलिस ने अब तक अलग-अलग स्थानों से 49 लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
विश्व हिंदू परिषद का आरोप, लव जिहाद फैला
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अवध प्रांत प्रमुख अरविंद पांडे ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिले में लव जिहाद तेजी से फैल रहा है, जिसके चलते लड़कियों के अपहरण की घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। इस बयान ने जिले में माहौल और भी संवेदनशील बना दिया है।
इसे भी पढ़ें: पंचमहल में रोपवे टूटा, 6 की मौत, जांच के आदेश
पुलिस का बयान- ज्यादातर मामले प्रेम-प्रसंग से जुड़े
अंबेडकरनगर के एसपी केशव कुमार ने बताया कि अब तक 56 मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिनमें 40 नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। पुलिस ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए 49 लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिकांश मामले प्रेम-प्रसंग से जुड़े हुए हैं। सबूत मिलने पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। लगातार बढ़ते अपहरण के मामलों ने न सिर्फ पुलिस-प्रशासन की नींद उड़ा दी है, बल्कि आम लोगों में भी चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोग अब पुलिस से सख्त और ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं ताकि इस तरह की वारदातों पर रोक लग सके।
इसे भी पढ़ें: टाटा की कारों और SUV की कीमतों में जबरदस्त गिरावट