Gujarat ropeway accident: गुजरात के पंचमहल जिले में पावागढ़ पहाड़ी पर बने मालवाहक रोपवे में बड़ा हादसा हो गया। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। मृतकों में 2 लिफ्ट ऑपरेटर और 4 मजदूर शामिल हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पावागढ़ पहाड़ी पर चल रहे निर्माण कार्य के लिए सामान ढोने वाला रोपवे बनाया गया था। शनिवार को इस रोपवे की लिफ्ट में भारी सामान लादा गया था। जैसे ही इसे पहाड़ी पर ऊपर चढ़ाने की कोशिश की गई, अचानक रोपवे का तार टूट गया और पूरी बोगी नीचे गिर गई। हादसे में सवार 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
मंत्री ऋषिकेश पटेल ने दी जानकारी
गुजरात सरकार के मंत्री ऋषिकेश पटेल ने बताया कि पावागढ़ पर दो रोपवे बने हुए हैं- एक श्रद्धालुओं के लिए और दूसरा माल ढुलाई के लिए। हादसा सामान ले जाने वाले रोपवे में हुआ है। उन्होंने कहा कि “टावर नंबर-1 के पास रोपवे की लिफ्ट टूटने से 6 मजदूरों की मौत हो गई। शव बरामद कर लिए गए हैं और पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
इसे भी पढ़ें: टाटा की कारों और SUV की कीमतों में जबरदस्त गिरावट
जांच के आदेश
सरकार ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में लोडिंग के दौरान तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। दोषियों की पहचान होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पावागढ़ शक्तिपीठ मंदिर देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों में गिना जाता है, जहां रोज़ाना हजारों श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। इस दुर्घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
इसे भी पढ़ें: 7 सितंबर की रात लगने जा रहा है साल का आखिरी ब्लड मून