लखनऊ: राजधानी लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र के बेहटा गांव में रविवार सुबह एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका हो गया। इस हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं। धमाके की वजह से फैक्ट्री की छत और दीवारें तक हिल गईं। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
मलबे में दबे होने की आशंका
धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास की इमारतें भी प्रभावित हुईं। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, कई लोग अब भी मलबे में दबे हो सकते हैं। फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां बचाव कार्य में लगी हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
लखनऊ: गुडंबा के बेहटा गांव में अवैध पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट@NavbharatTimes pic.twitter.com/IhoTDgELYR
— NBT Uttar Pradesh (@UPNBT) August 31, 2025
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन और राहत टीमों को तेजी से बचाव कार्य करने और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
इसे भी पढ़ें: Basti News: मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला की पिटाई, 3 गिरफ्तार
प्रशासन सतर्क, जांच जारी
धमाके की सूचना मिलते ही लखनऊ के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस कमिश्नर भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और फैक्ट्री में अवैध पटाखों के भंडारण की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री बिना लाइसेंस के संचालित की जा रही थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाके की गूंज इतनी तेज थी कि गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धुएं का गुबार दूर-दूर तक देखा गया। प्रशासन ने लोगों से क्षेत्र में अनावश्यक भीड़ न जुटाने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें: रचना, सृजन और संघर्ष से बनी प्रो.संजय द्विवेदी की शख्सियत