उत्तरकाशी/उत्तराखंड: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मंगलवार को हर्षिल घाटी में बादल फटने से तबाही मच गई। धाराली, हर्षिल और सुक्खी टॉप जैसे क्षेत्रों में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बन गई है। धाराली गांव में खेड़ा गाड़ के पास भारी मलबा आने से रास्ते बंद हो गए हैं। वहीं, हर्षिल के ताल गाड़ और सुक्खी टॉप क्षेत्र में भी भूस्खलन हुआ है। भेला गाड़ नदी में अचानक आई तेज बाढ़ की तस्वीरों ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी है।
फिलहाल सेना, NDRF, SDRF और जिला प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रभावित इलाकों के लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
तीन स्थानों पर बादल फटा, धराली में सबसे अधिक नुकसान
आज उत्तरकाशी जिले में कुल तीन जगहों हर्षिल घाटी, धराली गांव, सुक्खी टॉप में बादल फटने की घटनाएं हुईं। धराली गांव में हालात सबसे गंभीर हैं। खीर गंगा नदी के ऊपर बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई, जिससे 20-25 होटल और होम स्टे बह गए। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, करीब 10-12 लोग मलबे में दबे थे, लेकिन बाद में यह आंकड़ा 100 के आसपास बताया गया। 60 से अधिक लोगों के लापता होने की भी आशंका है।
उत्तरकाशी की तस्वीरें भयावह हैं, डरावनी हैं।
महादेव रक्षा करें। pic.twitter.com/HPlokYArwy— Ashok Shrivastav (@AshokShrivasta6) August 5, 2025
उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया कि अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। कई मकान और होटल पूरी तरह तबाह हो गए हैं। उन्होंने कहा कि नुकसान का सही आकलन राहत और बचाव कार्य के बाद ही सामने आएगा।
इसे भी पढ़ें: तमन्ना भाटिया ने बताया, क्यों एडल्ट फ्रेंडशिप होती है सबसे खास
सेना और प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
सेना ने बताया कि हर्षिल घाटी में सेना का कैंप होने की वजह से घटना की सूचना मिलते ही आईब्रेक्स ब्रिगेड के जवान 10 मिनट के अंदर मौके पर पहुंच गए। सेना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, आपदा की इस घड़ी में सेना प्रभावित लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। फिलहाल प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालने का कार्य जारी है।
गृह मंत्री ने दी त्वरित मदद की आश्वासन
बादल फटने की घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली और तत्काल राहत कार्य के निर्देश दिए। गृह मंत्रालय ने प्रभावित क्षेत्र में 7 रेस्क्यू टीम भेजने का आदेश दिया है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है और कहा है कि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी रहेगा।
इसे भी पढ़ें: नशा मुक्त भारत जागरूकता कार्यक्रम में ग्रामीणों ने ली व्यसनमुक्ति की शपथ