Rohini Ghavri Chandrashekhar controversy: नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी काशीराम के संस्थापक चंद्रशेखर पर गंभीर आरोप लगाने वाली इंदौर की रोहिणी घावरी ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर उनकी फोटो और वीडियो साझा कर सनसनी मचा दी है। इन पोस्ट्स के बाद दोनों के बीच चल रहा विवाद दोबारा चर्चा का विषय बन गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एक खास बातचीत में रोहिणी ने दिल्ली पुलिस की लापरवाही, कोर्ट से मिली निराशा और चंद्रशेखर पर लगे आरोपों पर खुलकर बात की।

शराब और शोषण के आरोप

रोहिणी ने दावा किया कि चंद्रशेखर शराब का सेवन करते हैं और उन्होंने कई अन्य लड़कियों का भी शोषण किया है। उनका कहना है कि सांसद आंदोलन के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं और समाज से जुड़े युवाओं को गलत राह पर धकेल रहे हैं।

FIR दर्ज न होने की शिकायत

रोहिणी के मुताबिक, वह 6 अगस्त 2025 को स्विट्जरलैंड से भारत लौटी थीं और इस दौरान उन्होंने दिल्ली के तत्कालीन पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा से मुलाकात की थी। कमिश्नर ने FIR दर्ज कराने का भरोसा दिलाया था, लेकिन केस एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन भेजे जाने के बाद भी तमाम कोशिशों के बावजूद FIR दर्ज नहीं हो सकी।

NCW और कोर्ट से निराशा

महिला सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले नेशनल कमीशन ऑफ वूमन (NCW) पर भी रोहिणी ने सवाल उठाए। उनका आरोप है कि तीन महीने बीत जाने के बाद भी न तो NCW ने कोई कदम उठाया और न ही दिल्ली पुलिस पर दबाव बनाया।

उन्होंने आगे बताया कि आखिरकार कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन वहां से भी उन्हें राहत नहीं मिली। एक महीने से ज्यादा वक्त गुजर जाने के बावजूद कोर्ट ने न तो पुलिस को जांच के आदेश दिए और न ही FIR दर्ज करने की बात कही।

नेताओं से भी टूटी उम्मीद

पुलिस और कोर्ट से निराश होकर रोहिणी ने विपक्षी नेताओं से भी मदद मांगी। उन्होंने प्रियंका गांधी तक अपनी फाइल पहुंचाई, लेकिन कुछ समय बाद वहां से जवाब आना बंद हो गया। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी उन्होंने मदद की गुहार लगाई थी। शुरुआत में आश्वासन मिला, लेकिन बाद में वहां से भी कोई जवाब नहीं आया।

कौन हैं रोहिणी घावरी

रोहिणी घावरी इंदौर की रहने वाली हैं और फिलहाल स्विट्जरलैंड से PhD कर रही हैं। उन्हें मध्य प्रदेश सरकार की ओर से एक करोड़ रुपए की स्कॉलरशिप भी मिल चुकी है। वह UN में भाषण देकर सुर्खियों में आई थीं। अब वह सांसद चंद्रशेखर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाकर चर्चा में हैं और लगातार सोशल मीडिया पर उनसे जुड़े सबूत साझा करती रहती हैं।

इसे भी पढ़ें: कनाडा ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह को घोषित किया आतंकवादी संगठन

इसे भी पढ़ें: Bareilly hinsa case: मौलाना पर प्रशासन का शिकंजा, संपत्तियां सील

Spread the news