प्रकाश सिंह

झांसी: यूपी विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में झांसी का चुनाव संपन्न हो चुका है। ऐसे में यहां से जो रुझान मिल रहे हैं उससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि यहां मुख्य लड़ाई सपा और भाजपा के बीच है। झांसी में चार विधानसभा सीट बबीना, झांसी नगर, मऊरानीपुर और गरौठा हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इन सभी सीटों पर कब्जा जमा लिया था। लेकिन इस बार के चुनाव में हालात काफी बदल गए हैं। इस बार यहां समाजवादी पार्टी भारतीय जनता पार्टी को कड़ी टक्कर देती दिख रही है। यहां 22 फरवरी को तीसरे चरण में मतदान संपन्न हो गया है, 10 मार्च को चुनावी नतीजे आने हैं।

222– बबीना विधानसभा सीट

झांसी जिले की बबीना सीट इमरजेंसी के समय में भी काफी चर्चा में रह चुकी है। यह शहर सेना की छावनी के लिए भी जाना जाता है। यह वहीं शहर है जो एक बार कांग्रेस का फंड की जरूरत पड़ने पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को सोने-चांदी से तौल दिया था। बबीना सीट पर पहले बार मतदान 1967 में हुई थी। वर्ष 1980 और 1985 में कांग्रेस की नेता बेनी बाई ने यहां से विधायक चुनी गईं और वह प्रदेश सरकार में मंत्री भी बनीं।

वर्ष 1967 के पहले यह सीट ललितपुर विधानसभा का हिस्सा हुआ करती थी। वर्ष 1967 में पहली बार इस सीट पर चुनाव हुआ था। वर्ष 2017 में भाजपा ने यहां से चुनाव जीता था। इस वक्त बबीना में कुल 42.02 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। वर्ष 2017 में बीजेपी प्रत्याशी राजीव सिंह पारीछा ने सपा प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव को 16837 वोटों के अंतर से हराया था। बबीना सीट से इसबार भाजपा से राजीव सिंह पारीछा, सपा से यशपाल सिंह यादव, बसपा से दशरथ सिंह राजपूत और कांग्रेस से चन्द्रशेखर तिवारी चुनाव लड़ रहे हैं।

सियासी इतिहास

वर्ष 1996 के चुनाव में बसपा के उम्मीदवार सतीश जटारिया ने यहां से जीत हासिल की थी।
वर्ष 2002 के चुनाव में सपा के रतन लाल अहिरवार यहां से जीते थे।
वर्ष 2007 के चुनाव में भी रतन लाल अहिरवार दोबारा यहां से विधायक चुने गए, मगर इसबार वह बसपा से मैदान में थे।
वर्ष 2012 के चुनाव में बसपा से कृष्णा पाल सिंह राजपूत ने यहां से जीत दर्ज की।
वर्ष 2017 के चुनाव में बीजेपी से राजीव सिंह पारीछा यहां से चुनाव जीता।

मतदाता

कुल मतदाता- 3,26,097
पुरुष मतदाता- 1,73,472
महिला मतदाता- 1,52,591
थर्ड जेंडर मतदाता- 34

इसे भी पढ़ें: श्रावस्ती की दोनों सीटों पर साइकिल और फूल में टक्कर

223– झांसी नगर विधानसभा सीट

झांसी जिले की झांसी नगर विधानसभा सीट काफी हम मानी जानी है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में झांसी नगर में कुल 48.68 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां से भारतीय जनता पार्टी से रवि शर्मा ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने बसपा प्रत्याशी सीता राम कुशवाहा को 55778 वोटों से हराया था। झांसी नगर सीट से इस बार भाजपा ने रवि शर्मा, सपा ने सीताराम कुशवाहा, बसपा ने कैलाश साहू और कांग्रेस ने राहुल रिछारिया पर भरोसा जताया है।

सियासी इतिहास

वर्ष 1996 के चुनाव में बीजेपी के रविंद्र शुक्ला यहां से विधायक चुने गए।
वर्ष 2002 के चुनाव में बसपा के रमेश कुमार शर्मा ने जीत दर्ज की।
वर्ष 2007 के चुनाव में कांग्रेस से प्रदीप जैन आदित्य विधायक चुने गए।
वर्ष 2012 के चुनाव में भाजपा से रवि शर्मा झांसी नगर से जीत हासिल की।
वर्ष 2017 के चुनाव में भाजपा से रवि शर्मा दोबारा यहां से विधायक चुने गए।

मतदाता

कुल मतदाता- 416913
पुरुष मतदाता- 223285
महिला मतदाता- 193597
थर्ड जेंडर मतदाता- 31

इसे भी पढ़ें: बहराइच में खिलेगा कमल या दौड़ेगी साइकिल

224– मऊरानीपुर विधानसभा सीट

झांसी जिले की मऊरानीपुर (सुरक्षित) विधानसभा सीट पर सपा और भाजपा समर्थित अपना दल प्रत्याशी में कांटे की लड़ाई है। वर्ष 2017 यहां से भाजपा की जीत हुई थी। मऊरानीपुर में कुल 36.80 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी बिहारी आर्या ने सपा प्रत्याशी डॉक्टर रश्मि आर्या को 16971 वोटों से हराया था। इस बार के चुनाव में कांग्रेस के भगवान दास कोरी, अपना दल के रश्मि आर्य, समाजवादी पार्टी के तिलक चन्द्र अहिरवार और बसपा के रोहित रतन के बीच टक्कर है।

सियासी इतिहास

वर्ष 1996 के चुनाव में कांग्रेस के बिहारी लाल आर्य यहां से विधायक चुने गए।
वर्ष 2002 के चुनाव में बीजेपी के प्रागीलाल अहिरवार ने जीत दर्ज की।
वर्ष 2007 के चुनाव में बसपा से भगवती प्रसाद सागर विधायक चुने गए थे।
वर्ष 2012 के चुनाव में सपा से डॉ. रश्मि आर्या ने जीत हासिल की।
वर्ष 2017 के चुनाव में भाजपा से बिहारी आर्या विधायक चुने गए।

मतदाता

कुल मतदाता– 232942
पुरुष मतदाता– 128572
महिला मतदाता– 104350

इसे भी पढ़ें: जालौन में कमल खिलाने में बाधक बन रही साइकिल

225– गरौठा विधानसभा सीट

झांसी जिले के गरौठा विधानसभा सीट पर कभी कांग्रेस के दबदबा हुआ करता था, लेकिन अब इस सीट पर कांग्रेस की वापसी होती नहीं दिख रही है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में गरौठा में कुल 40.81 फीसदी वोटिंग हुई थी। बीजेपी प्रत्याशी जवाहर लाल राजपूत ने सपा उम्मीदवार दीप नारायण सिंह (दीपक यादव) को 15831 वोटों से कराकर यहां बीजेपी का परचम लहराया था। बता दें कि एक दौर था जब कांग्रेस नेता रणजीत सिंह जूदेव ने यहां से दोबार जीत की हैट्रिक लगाई थी। वर्ष 1991 में मिली शिकस्त के बाद कांग्रेस को फिर वापसी का मौका नहीं मिला। इसबार यहां से भारतीय जनता पार्टी से जवाहर लाल राजपूत, सपा से दीपनारायण सिंह, बसपा से वीर सिंह और कांग्रेस से नेहा निरंजन चुनाव लड़ रही हैं।

सियासी इतिहास

वर्ष 1996 के चुनाव में सपा के चंद्र पाल सिंह यादव विधायक चुने गए थे।
वर्ष 2002 के चुनाव में बसपा के बृजेंद्र व्यास ने जीत दर्ज की थी।
वर्ष 2007 के चुनाव में सपा के दीपनारायण सिंह यादव ने जीत दर्ज की।
वर्ष 2012 के चुनाव में सपा के दीपनारायन सिंह यादव दोबारा चुनाव जीते।
वर्ष 2017 के चुनाव में भाजपा से जवाहर लाल राजपूत विधायक चुने गए।

मतदाता

कुल मतदाता- 350998
पुरुष मतदाता- 187800
महिला मतदाता- 163185
थर्ड जेंडर मतदाता- 13

इसे भी पढ़ें: पांचवें चरण में 55.70% मतदान

Spread the news