प्रतापगढ़: रानीगंज क्षेत्र में तैनात सप्लाई इंस्पेक्टर की शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार बस और कार में टक्कर से सप्लाई इंस्पेक्टर की मौत हो गई। इस हादसे के बाद उनके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश चल रही है।

पुलिस ने बताया कि गोविंदपुर निवासी अशोक कुमार गुप्ता रानीगंज प्रतापगढ़ जिले में सप्लाई इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। शुक्रवार को वह घर से ड्यूटी पर जा रहे थे। जैसे ही वह कार लेकर सोरांव इलाके में पहुंचे कि प्रतापगढ़ से आ रही एक निजी बस ने सामने से ही जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अशोक कुमार गुप्ता गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बस चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। शोर मचने पर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

इसे भी पढ़ें: बस-ट्रक की टक्कर में नौ की मौत

मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से अशोक कुमार गुप्ता को स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल भेजा। इधर उनके परिजनों को भी सूचना दे दी गई। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल के डॉक्टरों ने अशोक कुमार गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंची पत्नी को जैसे ही मौत की खबर मिली वहीं जोर- जोर से रोने लगी। बच्चों और रिश्तेदारों का भी रो-रो कर बुरा हाल हो गया।

इसे भी पढ़ें: टैंकर की चपेट में आने से दो की मौत

Spread the news