प्रकाश सिंह

लखनऊ: कांग्रेस सत्ता से दूर होती जा रही है तो इसके पीछे उसकी नीतिया जिम्मेदार हैं। जब वह सत्ता में थी तो उसे गरीबी मंहगाई, बरोजगारी नहीं नजर आई। पार्टी के नेता यह तक कहते सुने गए थे कि पैसा पेड़ पर नहीं उगते, देश के संसाधनों पर पहला हक अल्पसंख्यकों का है। कांग्रेस नेताओं के इस बयान से समाज का बड़ा वर्ग खुद को ठगा सा महसूस कर रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस की इसी गलती का अपना हथियार बना लिया। कांग्रेस के लिए जो कभी मुद्दा नहीं था, प्रधानमंत्री ने उसे अपना मुद्दा बना लिया। यही वजह है कि तमाम षडयंत्रों के बाद जनता का विश्वास अभी भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कायम है।

केंद्र की सत्ता से दोबार बेदखल होने के बाद कांग्रेस अब इस बात को समझने लगी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की तरफ से गोरखपुर में किए गए वादे से यह बात साफ झलक रही थी। प्रियंका गांधी ने यहां की जनता से वादा किया कि अगर उनकी सरकार बनती है तो महिलाओं को एक वर्ष में रसोई गैस के तीन सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे। ऐसा हो भी सकता है। लेकिन यहां यह सवाल मौजूं हो जाता है कि कांग्रेस को अपदस्थ करने में कहीं न कहीं गैस की कालाबाजरी भी जिम्मेदार है। प्रदेश की अधिकत्तर जनता को आज भी कांग्रेस राज का वह दिन याद आता है, जब गैस सिलेंडर पाने के लिए लोगों को थाने पर जाकर लाइन लगानी पड़ती थी।

Priyanka Gandhi visit to Gorakhpur

सिलेंडर मिल जाए इसके लिए लोग रात से थाने पर जाकर लाइन में लग जाते थे। कई बार ऐसा भी हुआ कि नंबर आते आते सिलेंडर ही खत्म हो गया। कुछ जगहों पर सिलेंडर पाने के लिए मारपीट की भी नौबत आ जाती थी। गैस सिलेंडर खत्म होने की बात से लोग सहम जाते थे। लेकिन सरकार बदलने के बाद लोगों के ऐसे अच्छे दिन आए कि आज वह बात सपने जैसा हो गया है। मोदी सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत गरीबों को मुफ्त में रसोई गैस सिलेंडर भी दिया। हालांकि मंहगी गैस ने सरकार की इस योजना पर पानी फेर दिया है।

इसे भी पढ़ें: 46 रेलवे स्टेशन को उड़ाने की धमकी, अलर्ट जारी

कांग्रेस लोगों की अब इसी नाराजगी को हथियार बनाने की कोशिश में है। क्योंकि गैस सिलेंडर की मंहगाई से आज हर तबका परेशान नजर आ रहा है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2016 में यूपी के बलिया से गरीब महिलाओं को मुफ्त में सिलेंडर देने वाली उज्ज्वला योजना की शुरुआत की थी। वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनाने में इस योजना का खासा योगदान भी माना गया था। गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में आयोजित प्रतिज्ञा रैली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जोरशोर के साथ महिलाओं के मुद्दों का उठाकर पीएम मोदी के हथियार को उन्हीं के खिलाफ प्रयोग करने की कोशिश की है।

इसे भी पढ़ें: पुलिसकर्मियों ने लगाई दौड़, दिया एकता का संदेश

Spread the news