Moradabad News: दहेज के खिलाफ कड़े कानून के बावजूद भी मामले कम होने के नाम नहीं ले रहे है। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक विवाहिता ने ससुराली पक्ष पर अपहरण, लूट, सामूहिक दुष्कर्म और गर्भपात कराने का मुकदमा दर्ज कराया है। भोजपुर पुलिस ने एसएसपी के निर्देश पर यह मुकदमा दर्ज किया है। भाजपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एसआई सुधीर यादव को इसकी जांच सौंपी है। जानकारी के मुताबिक मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र निवासी युवती का विवाह सात वर्ष पहले भोजपुर के एक गांव निवासी युवक के साथ हुआ था।

विवाहिता को आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर खुश नहीं थे। दहेज की मांग पूरी करने को लेकर उसका उत्पीड़न करने लगे। इसी बीच उसने एक बेटे को जन्म भी दिया। महिला ने आरोप लगाया है कि वह पांच माह की गर्भवती थी। देवर, ननद, सास ने उससे मारपीट की और पेट में लात मारकर उसका गर्भपात करा दिया। इन सब घटना के चलते अवसाद में उसके पिता की मौत हो गई।

इसे भी पढ़ें: नाबालिक से दुष्कर्म करने के दोषी को मरते दम तक उम्रकैद की सजा

विवाहिता के मुताबिक एक महीने पहले वह घर में अकेली थी। इसी दौरान देवरानी का तहेरा भाई अपने पांच साथियों के साथ आ गया। घर में अकेला पाकर उसने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी होने पर ससुराल वालों ने लोकलाज का भय दिखाकर उसका मुंह बंद करा दिया। इसके बाद सात सितंबर को देवरानी ने उसके पति के मां, भाई, बहन के साथ मिलकर उसके शरीर पर तेल डालकर आग से जलाने का प्रयास किया।

वह इन लोगों के चंगुल से बचकर मायके जाने लगी तो इस्लाम नगर रोड पर पीछे से आये आरोपियों ने कार से उसका अपहरण कर लिया। इस दौरान उसकी चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों ने पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी उसकी सोने की चेन और कुंडल छीनकर फरार हो गए। फिलहाल एसएसपी के निर्देश पर भोजपुर पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इसे भी पढ़ें: गैंगस्टर के मामले में मुख्तार अंसारी को पांच साल की सजा

Spread the news