गाजियाबाद: आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर जहां सभी राजनीतिक पार्टियां तैयारी में जुटी हैं, वहीं भाजपा में अंदरूनी घमासान मचा गया है। गाजियाबाद में बीजेपी प्रदेश कार्यकारिणी की वर्चुअल बैठक के दौरान दो कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों नेताओं के बीच जमकर लात-घूसे चले। इसमें एक कार्यकर्ता को गंभीर चोट आई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही पीड़ित कार्यकर्ता ने दूसरे कार्यकर्ता के खिलाफ थाना सिहानी गेट में लिखित तहरीर दी है।

सूत्रों की मानें तो मामला पार्टी हाईकमान के पास पहुंच गया है। लेकिन अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी है। बता दें कि शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की वर्चुअल बैठक थी। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए गाजियाबाद से प्रदेश कार्यकारिणी में शामिल सभी सदस्यों को नेहरू नगर स्थित पार्टी कार्यालय पर बुलाया गया था। इसी बैठक में भाजपा प्रदेश समिति के सदस्य पृथ्वी सिंह और पवन गोयल के बीच में शहर विधानसभा क्षेत्र को लेकर बहस हो रही थी। इस दौरान पूर्व विधायक प्रशांत चौधरी दोनों के बीच दखल देना चाहा। जिसपर पवन गोयल ने टोकते हुए उन्हें बीच में बोलने से मना कर दिया। उन्होंने इसे वैश्य समाज का मामला बताते नोंकझोंक शरू कर दी।

इसे भी पढ़ें: यूपी दौरे पर लखनऊ पहुंचीं प्रियंका गांधी

दोनों नेताओं के बीच बात इतनी बढ़ गई कि प्रशांत चौधरी ने पवन गोयल को वैश्य समाज पर टिप्पणी करते हुए गालियां तक दे डालीं। देखते ही देखते दोनों नेताओं में मारपीट शुरू हो गई। प्रशांत चौधरी ने लात घूसों से पवन गोयल की जमकर पिटाई कर दी, इस दौरान वहां मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने दोनों को किसी तरह से अलग कराया। इस मारपीट में पवन गोयल को काफी चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए लोहिया नगर स्थित गायत्री अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पवन गोयल के भाई मनीष ने थाना सिहानी गेट में पूर्व विधायक प्रशांत चौधरी के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल इस घटना को लेकर वैश्य समाज में काफी नाराजगी है। पूर्व विधायक पर कार्रवाई की मांग को लेकर समाज के लोगों ने धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।

इसे भी पढ़ें: भारत में कोविड-19 महामारी की ‘पक्षपातपूर्ण’ कवरेज

Spread the news