चित्रकूट: कौशाम्बी से धर्म नगरी चित्रकूट आई युवती से लौटते वक्त सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने फतेहपुर के धाता क्षेत्र के परिचित युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म करने में नामजद मुकदमा दर्ज कराई है। कौशाम्बी थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता के मुताबिक वह चित्रकूट के कामदनाथ स्वामी के दर्शन करने के लिए आई हुई थी। वह अकेले बस से यहां आई थी। दर्शन करने के बाद वह धर्मनगरी से लौटने के लिए मुख्यालय कर्वी के बस स्टैंड पर वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान उसके परिचित फतेहपुर के सोनू व गुलजारी निवासी सैदपुर थाना धाता, दीपू व राजाराम निवासी निवासी मौदापुर धाता दो बाइक से आ गए।

पीड़िता के मुताबिक उन लोगों ने गांव लौटने की बात करते हुए उसे भी साथ चलने के लिए कहा। भरोसा दिलाया कि वह लोग उसे घर तक छोड़ देंगे। परिचित होने के नाते युवती उन पर भरोसा करके बाइक पर बैठ गई। इसके बाद वह लोग उसे इधर उधर घुमाते रहे। शाम होने पर पहाड़ी क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप के निकट अर्धनिर्मित मकान के पास उसे ले गए। यहां पहुंचते ही सभी उस पर टूट पड़े और बारी बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान युवती के बेहोश हो जाने पर सब उसको वहीं छोड़कर फरार हो गए। होश आने पर युवती सड़क पर पहुंची और लोगों को आप बीती सुनाई।

इसे भी पढ़ें: दोस्तों संग मिलकर किया युवती से सामूहिक दुष्कर्म

राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को अपने साथ थाने लेकर गई। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना की जानकारी धाता क्षेत्र के लोगों को हुई तो बड़ी संख्या में लोग पहाड़ी थाने पहुंच गए। लोगों ने युवती के आरोपों को झुठलाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। थाना प्रभारी निरीक्षक अजीत पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

इसे भी पढ़ें: महिला प्रत्याशी को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म

Spread the news