Fatehpur News: केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने दो टूक शब्दों में अखिलेश यादव की नीति को परिवार और रिश्तेदारों के विकास तक सीमित बताया। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा, सपा-बसपा, कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दल झूठ, भ्रम और फरेब की राजनीति से सत्ता प्राप्त करने के मंसूबे पाल रहे है। लेकिन जनता इनकी हकीकत जान चुकी है। उत्तर प्रदेश न भूला है, ना भूलेगा। अखिलेश यादव सरकार में कैसे पिछड़ों और अनुसूचित वर्ग के लोगों का दमन होता था। साथ ही परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण की घिनौनी राजनीति होती थी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, भाजपा राजनीतिक सत्ता को व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि विकास की दौड़ में पिछड़ गए लोगों को मुख्यधारा में लाने के लिए करती है। उन्होंने निकाय चुनाव पर उच्चतम न्यायालय के निर्णय का स्वागत किया। इस पर उन्होंने कहा, न्यायालय के आदेश से समाजवादी पार्टी का षणयंत्र विफल हो गया है। भाजपा सरकार पिछडे़ वर्ग के साथ ही समाज के सभी वर्गों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। अपने शासनकाल में सपा-बसपा कांग्रेस ने पिछडे़ , दलितों, शोषित, पीड़ित, वंचितों का वोट तो लिया लेकिन इनके लिए कुछ नहीं किया।

इसे भी पढ़ें: 1 जनवरी को होगा राम मंदिर का उद्घाटन, अमित शाह ने किया एलान

सपा-बसपा कांग्रेस ने भ्रम फैलाकर छलने का काम किया है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने पिछड़ा वर्ग के सहयोग से सत्ता प्राप्त की लेकिन सत्ता का लाभ केवल सैफई परिवार के कुछ लोगों तक सीमित रहा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, कि सपा ने अप्रत्यक्ष रूप से हाईकोर्ट में रिट दायर करवाकर नगरीय निकाय चुनाव में पिछड़ा वर्ग आरक्षण को समाप्त करने का षडयंत्र रचा है। लेकिन सपा अपने षड़यंत्र में सफल नहीं हो सकेगी। उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी द्वारा सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट का विरोध सपा के पिछड़ा वर्ग विरोधी होने का सबसे बड़ा प्रमाण है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री नितीश कुमार और तेजस्वी यादव से रिश्ते किसी से छुपे नहीं है। बिहार सरकार ने पिछडे़ वर्ग के हितों की अनदेखी करते हुए निकाय चुनाव बिना आरक्षण के करा दिया, तब सपा प्रमुख चुप क्यों थे? जनता उनके छल को समझ चुकी है और आने वाले निकाय चुनाव में इसका जवाब देगी।

इसे भी पढ़ें: अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन बसपा में शामिल

Spread the news