अयोध्या: धर्म नगरी अयोध्या में शुक्रवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया है। यहां एक ही परिवार के 12 लोग सरयू में स्नान करते वक्त डूब गए हैं। सरयू में डूबे सभी लोगों की खोजबीन में पुलिस और पीएसी के गोताखोरों को लगाया गया है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने का निर्देश दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक हादसा गुप्तार घाट पर हुआ है। हादसे का शिकार हुआ परिवार आगरा के सिकंदराबाद से यहां घूमने आया था। वहीं डूबे लोगों को बचाने के लिए अधिकारियों की टीम लगी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्नान के दौरान तेज बहाव के चलते दो लोग बह गए। इनको बचाने के चक्कर में एक एक करके 12 लोग बह गए। लोगों की चीख पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई। आन फानन में अधिकारियों का दल मौके पर पहुंच गया। गोताखोरों को तत्काल सरयू में उतार दिया गया है। इसी के साथ ही पीएसी के गोताखोरों को भी बुलाया लिया गया है। एनडीआरएफ को भी बुलाने की चर्चा चल रही है।

इसे भी पढ़ें: प्रीति तिवारी ने बीजेपी सरकार पर लगाया बड़ा आरोप

सरयू घाट किनारे बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासन के लोग मौजूद हैं। फिलहाल खबर लिखे जाने तक बहे लोगों में से किसी के बारे में पता नहीं चल सका है। कहा जा रहा है कि परिवार के 15 सदस्य स्नान कर रहे थे। इसमें से तीन लोग तैरकर बच गए हैं। वहीं बचे लोगों की हालत भी बदहवास है। वहीं लापता लोगों की तलाश के लिए आसपास के मल्लाहों और केवटों को लगाया गया है। एसएसपी सर्वेश पांडेय नाव पर बैठकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

इसे भी पढ़ें: बीजेपी समर्थित प्रत्याशी ने बदला गौर ब्लॉक का इतिहास

Spread the news